6 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पंजाब से दर्शन करने आए एक श्रद्धालु की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बंदर के हमले से बचने के प्रयास में श्रद्धालु का संतुलन बिगड़ गया और गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मृतक की पहचान विजय गुप्ता निवासी जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई है, जो पेशे से कपड़ा कारोबारी थे। जानकारी के अनुसार, वह अपनी पत्नी और परिवार के साथ माता के दर्शन करने आए थे। इसी दौरान अचानक एक बंदर उनके पास आ गया। उससे बचने की कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़े, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।