6 अगस्त: सिरमौर पुलिस ने आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से अब तक 829 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, सीईआईआर पोर्टल शुरू होने के बाद से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की ट्रेसिंग, बरामदगी और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 के बीच भी पुलिस ने 18 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों के सुपुर्द किए हैं।
एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि पुलिस आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों को बेहतर और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें तथा सीईआईआर पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल फोन को तत्काल ब्लॉक करवाएं। उन्होंने कहा कि सीईआईआर पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग कर लोग अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन के दुरुपयोग को रोकने के साथ-साथ उनकी बरामदगी की संभावना भी बढ़ा सकते हैं।