6 अगस्त: कुल्लू जिले के पतलीकूहल क्षेत्र में बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा थाना पतलीकूहल के समीप स्थित पुल पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुल के पैरापिट से टकराने के बाद नीचे नाले में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने नाले से दोनों युवकों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान कृपा राम और विक्रम के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बाइक पुल के पैरापिट से टकराकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चालक कृपा राम और पीछे बैठे विक्रम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है। थाना पतलीकूहल में प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
मामले की पुष्टि एसपी कुल्लू मदन लाल ने की है।