सरकाघाट में 15 अगस्त समारोह की तैयारियां तेज, उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित

5 अगस्त: सरकाघाट उपमंडल में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) सरकाघाट के प्रांगण में हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में समारोह के सफल आयोजन के लिए स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। एसडीएम ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

राजेन्द्र कुमार गौतम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को भव्य और यादगार बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने शिक्षा विभाग को परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

एसडीएम ने बताया कि समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों के परिजनों तथा शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में तहसीलदार सरकाघाट मनीश कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भूपेंद्र पाल, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता आशीष देव, एचआरटीसी क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार, सीडीपीओ जगदीश शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी पूनम शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव, अग्निशमन विभाग से जयपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *