5 अगस्त: झंडूता विधानसभा क्षेत्र के शाहतलाई स्थित सरायली पुल पर बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। पानी का टैंकर लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे पानी में जा गिरा। हादसे के समय ट्रैक्टर में तीन लोग सवार थे।
दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तलाई पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।