गसौड़ में भीषण अग्निकांड, तीन मंजिला मकान की तीसरी मंजिल जलकर राख

5 अगस्त, अभिषेक मिश्रा: जिला बिलासपुर में  जुखाला क्षेत्र के गसौड़ गांव में मंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक तीन मंजिला मकान की तीसरी मंजिल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी तीसरी मंजिल जलकर राख हो गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान है।

जानकारी के अनुसार स्टोन क्रशर व्यवसायी महेंद्र कुमार ने गसौड़ गांव में तीन मंजिला आधुनिक मकान बनाया हुआ है। मंगलवार रात अचानक मकान की सबसे ऊपरी मंजिल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के समय महेंद्र कुमार अपने परिवार के साथ मकान के भूतल पर मौजूद थे। उनका बेटा सामान्य तौर पर तीसरी मंजिल पर रहता है, लेकिन घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

आग की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने अपने बोरवेल और पानी के पंपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को भी सूचना दी। ग्रामीणों की तत्परता के चलते आग को मकान की निचली मंजिलों तक फैलने से रोक लिया गया और दूसरी दोनों मंजिलें सुरक्षित बच गईं।

बताया जा रहा है कि मकान की तीसरी मंजिल में लकड़ी और आधुनिक इंटीरियर का व्यापक काम किया गया था। इसके चलते आग तेजी से फैल गई। आग में छह कमरे पूरी तरह जल गए। कमरों में रखा फर्नीचर, घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एयर कंडीशनर, एलईडी टीवी, वाई-फाई सिस्टम समेत अन्य कीमती सामान भी जलकर नष्ट हो गया।

जानकारी के अनुसार तीसरी मंजिल के निर्माण और इंटीरियर पर ही करीब दो करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए थे। आग लगने के बाद पूरी मंजिल में जले हुए सामान और मलबे का ढेर रह गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। प्रारंभिक तौर पर करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *