ब्रेक फेल होने पर पत्थर से टकराई टैक्सी सूमो, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

4 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह उपमंडल में तीसा-जुनास मार्ग पर एक टैक्सी सूमो के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चांजली के समीप तीखी ढलान पर अचानक ब्रेक फेल होने के बाद वाहन बेकाबू हो गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सूमो को सड़क किनारे मौजूद एक बड़े पत्थर से टकरा दिया। टक्कर के बाद वाहन रुक गया और गहरी खाई में गिरने से बच गया। हादसे में चालक समेत छह लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम टैक्सी सूमो सवारियों को लेकर तीसा से जुनास की ओर जा रही थी। चांजली के समीप तीखी ढलान पर पहुंचते ही अचानक वाहन की ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। चालक ने गाड़ी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होती नजर आई तो उसने वाहन को सड़क किनारे एक बड़े पत्थर की ओर मोड़ दिया। सूमो की पत्थर से जोरदार टक्कर हुई और वाहन वहीं रुक गया। इससे वाहन के गहरी खाई में गिरने का खतरा टल गया।

हादसे में चालक जयदयाल पुत्र भगत राम निवासी गांव गगेई, डाकघर बोंदेड़ी, मान सिंह पुत्र भागीरथ निवासी घरी, दीपिका पत्नी ठाकुर लाल निवासी बोंदेड़ी, ममता पत्नी गोबिंद सिंह निवासी सलांचा, भंजराड़ू, आर्यन पुत्र गोबिंद सिंह निवासी सलांचा और सुंदरू पत्नी बलदेव निवासी बोंदेड़ी घायल हुए हैं।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल तीसा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा रेफर कर दिया।

घायल मान सिंह के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें चम्बा से डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए रेफर किया गया है।

चुराह के एसडीएम राजेश जरयाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं और सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों और वाहन में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *