ड्रग कंट्रोलर बनकर फार्मा कंपनी से लाखों की ठगी, रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

4 अगस्त , कविता शान्ति गौतम: बरोटीवाला में एक फार्मा कंपनी से खुद को ड्रग कंट्रोलर बताकर लाखों रुपये की ठगी करने और लगातार रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल वाहन, 50 हजार रुपये नकद और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार बरोटीवाला स्थित एक फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि ने पुलिस थाना बरोटीवाला में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ अज्ञात लोग खुद को ड्रग कंट्रोलर बताकर कंपनी के कर्मचारियों से संपर्क कर रहे थे। आरोपियों ने कार्रवाई का डर दिखाकर कंपनी से लाखों रुपये की रकम ऐंठ ली और इसके बाद भी लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद बरोटीवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरपाल (22) पुत्र जय किशन, निवासी गांव खोखरा, नानकपुर, कालका, पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फोन के माध्यम से खुद को ड्रग कंट्रोलर बताकर फार्मा कंपनी से अवैध रूप से पैसे की मांग करता था।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच तेज कर दी है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनकी भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।

एसपी विनोद धीमान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के माध्यम से ठगी और रंगदारी के इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा मामले से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *