3 अगस्त: राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्र संकाय प्रभाग, उप क्षेत्रीय कार्यालय धर्मशाला की ओर से अगस्त 2026 के दौरान कांगड़ा और चंबा जिलों में विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक विषयों से संबंधित राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षण किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों से जुटाए गए आंकड़े देश में नीति निर्माण, विकास योजनाओं के मूल्यांकन और विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभाव का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उप क्षेत्रीय कार्यालय धर्मशाला की सहायक निदेशक एवं कार्यालय अध्यक्ष सिमरन ने बताया कि इन सर्वेक्षणों को सफल बनाने में आम नागरिकों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षित सांख्यिकी अधिकारियों और सर्वे प्रगणकों द्वारा चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित नमूना परिवारों और प्रतिष्ठानों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अगस्त माह में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, प्रवासन सर्वेक्षण, राष्ट्रीय घरेलू सर्वेक्षण योजना, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, स्थिति आकलन सर्वेक्षण, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों का सर्वेक्षण तथा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक सर्वेक्षण सहित विभिन्न सर्वेक्षण आयोजित किए जाएंगे।
इन सर्वेक्षणों के माध्यम से रोजगार एवं बेरोजगारी, प्रवासन, आय, ऋण एवं निवेश, कृषि परिवारों की स्थिति, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों की आर्थिक गतिविधियों तथा उपभोक्ता वस्तुओं और सेवाओं के मूल्यों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।
सिमरन ने नागरिकों, परिवारों और उद्यमियों से अपील की है कि सर्वेक्षण के दौरान चयनित होने पर सर्वेक्षण दल को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सहयोग इन राष्ट्रीय स्तर के सर्वेक्षणों को सफल बनाने के साथ-साथ बेहतर नीतियों और विकास योजनाओं के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।