3 अगस्त: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में पदोन्नति के बाद विनय शर्मा ने सोमवार को धर्मशाला में उपनिदेशक उत्तरी क्षेत्र का कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह हमीरपुर, मंडी, ऊना और धर्मशाला में जिला लोक संपर्क अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र के किटपल निवासी विनय शर्मा सरकारी सेवा में आने से पहले विभिन्न समाचार पत्रों में पत्रकार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। पत्रकारिता और जनसंपर्क के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें हिंदी राजभाषा पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में विनय शर्मा ने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का प्रमुख उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना तथा लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ सूचना के माध्यमों में भी तेजी से बदलाव आया है। प्रिंट मीडिया के साथ-साथ डिजिटल और सोशल मीडिया की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि विभाग सूचना तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए जनता के साथ बेहतर और सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर देगा। साथ ही मीडिया जगत के साथ मजबूत समन्वय कायम कर पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित जनसंपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।