पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला, रावी नदी को अर्पित की गई मिंजर

3 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि चंबा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक श्रद्धा के साथ गरिमामय समापन हुआ।

मेले के समापन अवसर पर अखंड चंडी पैलेस से मंजरी गार्डन तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, लोक संस्कृति की रंग-बिरंगी झलक और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि ने पूरे चंबा को उत्सव के रंग में रंग दिया। विभिन्न सांस्कृतिक दलों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला-पुरुष, पर्यटक, हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड के जवान भी शोभायात्रा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने परंपरा के अनुसार लाल वस्त्र में बंधे नारियल, मौसमी फलों और सिक्कों से सुसज्जित मिंजर को रावी नदी में अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देश में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ-साथ अच्छी फसल की कामना की।

समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर एवं हरदीप सिंह बावा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, अमित भरमौरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *