1 अगस्त, तरसेम जरयाल: राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रोवर्स एवं रेंजर्स क्लब ने शनिवार को विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ मनाया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण करने के साथ-साथ पुराने भवन परिसर में स्थित पुष्प क्यारियों का रखरखाव किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया को स्काउट स्कार्फ पहनाकर सम्मानित करने के साथ हुई। उन्होंने रोवर्स एवं रेंजर्स क्लब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्काउट एवं गाइड आंदोलन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के कार्यों में निरंतर भाग लेने का आह्वान किया।
विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के तहत स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में पौधे लगाए और पुष्प क्यारियों की साफ-सफाई एवं देखभाल कर परिसर की हरियाली और सुंदरता को बढ़ाने में योगदान दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
कार्यक्रम का आयोजन रोवर लीडर डॉ. अजय कुमार और रेंजर लीडर डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें करीब 30 रोवर्स एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवकों ने टीम भावना, अनुशासन और सेवा भावना का परिचय देते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।