सरकाघाट में बस रूटों के निर्धारण को लेकर बैठक, ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी प्राथमिकता

1 अगस्त: राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना (फेज-4) के तहत बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकाघाट में बस रूटों के निर्धारण को लेकर बैठक आयोजित की गई। एसडीएम कार्यालय सरकाघाट के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने की।

बैठक में गोपालपुर विकास खंड की सभी नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ योजना के तहत संचालित किए जाने वाले संभावित बस रूटों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों और स्थानीय जरूरतों के आधार पर विभिन्न रूटों का निर्धारण किया गया।

रूट निर्धारित करते समय उन दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई, जहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित है या उपलब्ध नहीं है। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

एसडीएम राजेन्द्र कुमार गौतम ने कहा कि बस रूटों का चयन स्थानीय आवश्यकताओं और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई गांव या क्षेत्र प्रारंभिक सूची में शामिल होने से रह जाता है, तो हिमाचल पथ परिवहन निगम के साथ समन्वय कर उसे आगामी चरण में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग देने तथा पात्र बेरोजगार युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवा योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार से जुड़ें, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

बैठक में एचआरटीसी सरकाघाट के क्षेत्रीय प्रबंधक राज कुमार, लोक निर्माण विभाग मंडल सरकाघाट के अधिशासी अभियंता भूपेंद्र पाल, रोजगार कार्यालय सरकाघाट के प्रभारी, विकास खंड कार्यालय गोपालपुर के पंचायत निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *