31 जुलाई: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया शिमला में महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के बाद देर रात धर्मशाला पहुंचे। सुबह होते ही वह शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सुधेड़ में बारिश और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंच गए।
सुधेड़ में विधायक ने भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों और डेंजर जोन में आए मकानों का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से नुकसान की स्थिति की जानकारी ली।
विधायक ने अधिकारियों को प्रभावित संपर्क मार्गों को जल्द बहाल करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के बाद विधायक ने धर्मशाला स्थित विद्युत विभाग के विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, मुख्य अभियंता विद्युत अजय गौतम, अधिशासी अभियंता विद्युत विकास ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रशेखर, बीडीओ रैत कमलजीत, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीर दियोलिया, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय ठाकुर, तहसीलदार धर्मशाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सुधेड़ के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।