31 जुलाई: राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में बीबीए, बीसीए और पीजीडीसीए पाठ्यक्रम शुरू होने पर कॉलेज प्रशासन, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वजीत ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के दौरान विधायक केवल सिंह पठानिया ने कॉलेज का दौरा किया था। उस समय उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीबीए, बीसीए और पीजीडीसीए की कक्षाएं शुरू करवाने का आश्वासन दिया था।
अब इन पाठ्यक्रमों को महाविद्यालय में शुरू कर दिया गया है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक ही व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें इन पाठ्यक्रमों के लिए अन्य स्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
प्राचार्य ने कहा कि इन पाठ्यक्रमों का शुरू होना महाविद्यालय और क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसके लिए विधायक केवल सिंह पठानिया का धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री का भी आभार जताया, जिनके सहयोग से लंबे समय से चली आ रही यह मांग पूरी हो सकी।