31 जुलाई: समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) धर्मपुर के तहत बरोटी और मंडप वृत की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) को लेकर एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में दोनों वृतों की 41 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और योजना के नए प्रावधानों तथा ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी हासिल की।
बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर धनी राम ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को योजना के अद्यतन दिशा-निर्देशों, पात्र लाभार्थियों की पहचान, ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल सत्यापन प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना था।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रथम जीवित संतान के लिए पात्र महिला को दो किस्तों में कुल 5,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। वहीं, दूसरी संतान बालिका होने की स्थिति में पात्र महिला को 6,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाती है।
प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, पीएमएमवीवाई पोर्टल पर समय पर आवेदन करने, दस्तावेज अपलोड करने, एनपीसीआई मैपिंग तथा फेस रिकॉग्निशन सिस्टम के माध्यम से डिजिटल सत्यापन की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सामग्री और वीडियो तक आसानी से पहुंच बनाने के लिए प्रतिभागियों को क्यूआर कोड भी उपलब्ध करवाए गए।
सीडीपीओ धनी राम ने कहा कि परियोजना के अन्य वृतों में भी चरणबद्ध तरीके से ऐसे रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक समय पर पहुंच सके।
उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से गर्भवती और धात्री महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही महिलाओं को मिलने वाली वित्तीय सहायता का उपयोग पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और मातृ-शिशु पोषण के लिए करने के लिए प्रेरित करने को कहा।