31 जुलाई: भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने शुक्रवार को ऐतिहासिक सम्मू ताल के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य और निर्माणाधीन बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों के पालन की जानकारी ली। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्यों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान विधायक सुरेश कुमार ने सम्मू ताल में स्थापित की जाने वाली हाई मास्ट लाइट के कार्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। लंबे समय से उपेक्षित क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं चल रही हैं, जिससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने कहा कि सम्मू ताल के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होने के बाद यह स्थान धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। यहां स्थापित की जा रही भगवान शिव की 20 फीट ऊंची प्रतिमा भी क्षेत्र की प्रमुख पहचान बनेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सम्मू ताल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित, स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। इसके विकसित होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
इस अवसर पर भोरंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, महासचिव अनिल कुमार, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, एसडीएम शशिपाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।