31 जुलाई : नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में विकास पुरुष जी.एस. बाली के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला बाल मेला पिछले 24 वर्षों से जनसेवा और सामाजिक सरोकारों का प्रमुख माध्यम बना हुआ है। इसी कड़ी में इस वर्ष आयोजित बाल मेले के दौरान लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ जरूरतमंदों के निशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था की गई है।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने ओबीसी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को निशुल्क ऑपरेशन संबंधी पत्र वितरित किए। इस दौरान एसडीएम नगरोटा पूजा अधिकारी, बाल मेला कमेटी के अध्यक्ष मान सिंह, कमेटी के सदस्य तथा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आर.एस. बाली ने कहा कि जी.एस. बाली बाल मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह जनसेवा की भावना से शुरू किया गया ऐसा मंच है, जिसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ पहुंचाया जाता है। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, वहीं बुजुर्गों और आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि बाल मेले के तहत आयोजित मेगा मेडिकल कैंप में देशभर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की जाती है। जरूरत के अनुसार मरीजों को जांच, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श भी निशुल्क उपलब्ध करवाया जाता है।
आर.एस. बाली ने कहा कि मेडिकल कैंप के दौरान जिन लोगों को चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन की आवश्यकता बताई जाती है, उनके उपचार का खर्च वह स्वयं वहन करते हैं। इस वर्ष चिकित्सकों ने 350 लोगों को ऑपरेशन की आवश्यकता बताई है। इन सभी लाभार्थियों को ऑपरेशन संबंधी पत्र वितरित किए गए हैं और उनके निशुल्क ऑपरेशन का पूरा खर्च वहन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बाल मेले के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए मेगा रोजगार मेले का भी आयोजन किया जाता है। इस रोजगार मेले से हर वर्ष बड़ी संख्या में युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलते हैं। नगरोटा क्षेत्र के युवाओं के लिए पूरे वर्ष भी रोजगार शिविर आयोजित किए जाते हैं।
आर.एस. बाली ने बताया कि बाल मेले के दौरान रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाता है। शिविर में एकत्रित रक्त टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को भेजा जाता है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को उपचार के दौरान रक्त उपलब्ध करवाने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि जी.एस. बाली बाल मेले का मूल उद्देश्य लोगों की सेवा करना है और इसी भावना के साथ भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।