30 जुलाई: भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने प्रदेश के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से ई-केवाईसी कराने और केंद्रीय श्रम मंत्रालय के ई-श्रम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे श्रमिकों को बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी।
वीरवार को सावन माह के अवसर पर बोर्ड मुख्यालय में शिवलिंग की स्थापना एवं प्रतिष्ठा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि बोर्ड पात्र और जरूरतमंद श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में पंजीकृत श्रमिकों की वेरिफिकेशन और ई-केवाईसी अभियान चला रहा है।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिक आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकी श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय में निशुल्क ई-केवाईसी करवा सकते हैं। इसके अलावा, श्रमिक स्वयं या लोक मित्र केंद्र के माध्यम से ई-श्रम पोर्टल पर भी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि सभी जिलों के श्रम कल्याण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे श्रमिकों को ई-केवाईसी और ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के प्रति जागरूक करें, ताकि प्रदेश के सभी पात्र कामगार बोर्ड की 14 कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें।