29 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है। आदेश के तहत स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) और आंगनवाड़ी केंद्र 29 जुलाई को बंद रहेंगे।
उपमंडलीय मजिस्ट्रेट राजीव सांख्यान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सिरमौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, गरज के साथ बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना जताई है। ऐसे मौसम के कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
प्रशासन ने विद्यार्थियों और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। हालांकि, पहले से निर्धारित सभी परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। साथ ही सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।