धर्मशाला के सिद्धपुर-सिद्धवाड़ी में एचपी एसडीआरएफ का आपदा तैयारी अभ्यास, संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण

27 जुलाई: आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एचपी एसडीआरएफ) की कांगड़ा इकाई ने रविवार को नगर निगम धर्मशाला के वार्ड संख्या 16 (सिद्धपुर) और वार्ड संख्या 17 (सिद्धवाड़ी) में एरिया फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज आयोजित की। 15 सदस्यीय टीम ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, समन्वय व्यवस्था और आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया।

अभ्यास के दौरान एसडीआरएफ टीम ने संबंधित वार्ड पार्षदों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और अन्य स्थानीय हितधारकों से संवाद कर आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध संसाधनों और सहयोग व्यवस्था की जानकारी जुटाई। टीम ने क्षेत्र के संवेदनशील और जोखिम वाले स्थानों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षित निकासी स्थलों, राहत शिविरों के लिए उपयुक्त खुले स्थानों, सड़क संपर्क और वैकल्पिक मार्गों का भी आकलन किया।

एसडीआरएफ के अनुसार, इस तरह के एरिया फेमिलियराइजेशन अभ्यास का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करना, उपलब्ध संसाधनों की अद्यतन जानकारी रखना और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना है। विभाग ने बताया कि भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के अभ्यास नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रदेश की आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *