घुमारवीं के औहर में ग्रामसभा के दौरान हंगामा, पूर्व प्रधान और प्रधान की पत्नी में हाथापाई

27 जुलाई: बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत औहर में रविवार को आयोजित ग्रामसभा के दौरान जमकर हंगामा हो गया। पुराने पंचायत कार्यों पर चर्चा के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पूर्व पंचायत प्रधान और पंचायत प्रधान की पत्नी के बीच कहासुनी हाथापाई में बदल गई। घटना के बाद कुछ समय तक ग्रामसभा का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

जानकारी के अनुसार, ग्रामसभा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चल रही थी। बैठक में पंचायत प्रधान देसराज शर्मा, उपप्रधान गौरव सहित पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान पुराने कार्यों पर चर्चा के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस बढ़ने पर पूर्व प्रधान और पंचायत प्रधान की पत्नी के बीच हाथापाई हुई। आरोप है कि पूर्व प्रधान ने पंचायत प्रधान की पत्नी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद महिला के बेहोश होने का दावा किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि ग्रामसभा की कार्रवाई सामान्य रूप से चल रही थी। इसी दौरान पूर्व प्रधान और एक अन्य महिला वहां पहुंचीं। उनका आरोप है कि उन्होंने पंचायत प्रधान से माइक छीन लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

ग्राम पंचायत औहर के प्रधान देसराज शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर ग्रामसभा का माहौल खराब किया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

वहीं, पूर्व प्रधान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विवाद की शुरुआत पंचायत प्रधान की पत्नी की ओर से हुई। उनका आरोप है कि पहले उन पर चप्पल से हमला किया गया और पंचायत प्रधान ने सार्वजनिक रूप से उन पर व उनके परिवार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब वह अपना पक्ष रखने के लिए माइक लेने पहुंचीं तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। पूर्व प्रधान का दावा है कि पूरी घटना पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।

फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *