25 जुलाई: नगरोटा में विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली की स्मृति में आयोजित श्री जीएस बाली बाल मेला-2026 का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। बाल मेला कमेटी के मुख्य संरक्षक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने माता ब्रजेश्वरी और माता चामुंडा देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और इसके बाद बाल मेले के पहले दिन आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री विप्लव ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जीएस बाली ने अपना पूरा जीवन जनसेवा और विकास कार्यों के लिए समर्पित किया। उनके प्रयासों से नगरोटा विधानसभा क्षेत्र प्रदेश के आदर्श विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हुआ और इसी कारण उन्हें “विकास पुरुष” के नाम से जाना जाता है। 
आरएस बाली ने कहा कि बाल मेले का 24वां संस्करण नगरोटा के लोगों के प्रेम और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि बाल मेला कमेटी और पूरे नगरोटा क्षेत्र के लोगों का आयोजन है। उन्होंने बताया कि माता ब्रजेश्वरी, माता चामुंडा देवी और माता नारदा शारदा के आशीर्वाद से हर वर्ष इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न किया जाता है।
उन्होंने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं चल रही हैं और इसे प्रदेश के मॉडल विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करने के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने अन्य क्षेत्रों के लोगों से भी यहां आकर विकास मॉडल देखने की अपील की।
बाल मेले के पहले दिन आयोजित रक्तदान शिविर में 225 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। आरएस बाली ने स्वयं भी रक्तदान किया और लोगों से रक्तदान को महादान बताते हुए अधिक से अधिक संख्या में इस पुनीत कार्य में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में सहायक साबित हो सकता है।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, बाल मेला कमेटी के अध्यक्ष मान सिंह तथा समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।