2023 में मंडी पुलिस ने पकड़ा एक किलो चिट्टा, सलाखों के पीछे 309 नशे के करोबारी

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

मंडी। पूरे प्रदेश सहित मंडी जिला में नशे का काला कारोबार किस तरस से फल-फूल रहा है। इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि साल दर साल एनडीपीएस के आंकडों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौजूदा साल 2023 में मंडी पुलिस ने 26 दिसंबर तक 75 किलो के करीब चरस को पकड़ लिया है। जबकि पिछले साल 68 किलो के करीब चरस को पुलिस ने आरोपियों से पकड़ा था।

वहीं अगर चिट्टे की बात की जाए तो पिछले साल की अपेक्षा कुछ कम खेप चिट्टे की पकड़ी गई है। हांलाकि दोनों सालों में 1 किलो से अधिक चिट्टा नशे के सौदागरों से बरामद किया है। साल 2023 के 227 एनडीपीएस के मामले जिला के विभिन्न थानों में दर्ज हुए हैं। जिनमें 309 लोगों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इन आरोपियों में ऐसे लोग भी शामिल हैं जो परिवार सहित इस काले कारोबार में जुटे हैं।

साल 2022 में एनडीपीएस के 212 मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें 294 लोग संलिप्त पाए गए थे। यानि पिछले साल की अपेक्षा इस साल 15 मामलों में इजाफा हुआ है। वर्ष 2023 में जिला में चरस की सबसे बड़ी खेप की बात करें तो जंजैहली में करीब 12 किलो चरस बरामद की है। चरस की यह खेप इनोवा कार से बरामद की गई थी, जिसमें पुलिस ने बल्ह निवासी कालीदास सहित कुल्लू निवासी को भी गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कालीदास की करीब एक करोड़ की सम्पत्ति को भी अटैच किया है। जिसमें करीब दो लाख पांच हजार कैश, 16 लाख की ज्वैलरी, दो मकान, 6 गाड़ियां शामिल है। वहीं चिट्टे की सबसे बड़ी खेप की बात की जाए तो साल के अंत में पुलिस के हाथ सबसे बड़ी खेप लगी है।

मंडी शहर के पास ही नाके के दौरान 20 दिसंबर दोपहर बाद 5 युवकों को 268 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा है। पंजाब से हिमाचल हो रही चिट्टे की सप्लाई का पुलिस ने गुपचुप तरीके से भंडाफोड़ किया है। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि कुछ लोग पंजाब से फोरलेन के माध्यम से मंडी-बिलासपुर सीमा पर इस खेप को पहुंचाया था। यहीं से यह खेप मंडी लाई जा रही थी, जिसे मंडी शहर के ब्राधीवीर से पुलिस ने कार में सवार पांच आरोपियों से पकड़ा था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने बताया कि इस साल पुलिस ने 74.617 किलोग्राम चरस, 1.128 किलोग्राम चिट्टा, 55 किलो भुक्की और 5 किलो के करीब तैयार अफीम को पकड़ा है। साढे 12 लाख के ऊपर अफीम के पौधे को तलाशलने के साथ 80 हजार चरस के पौधों को नष्ट किया है। इसके अलावा 3.188 किलोग्राम अफीम डोडा व 2.75 ग्राम स्मैक पुलिस ने पकड़ी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *