12 सप्ताह चलेगा एलईपी 2.0 अभियान, सरकारी स्कूलों में रोज लगेगा 45 मिनट का जीरो पीरियड

22 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई में पिछड़ रहे विद्यार्थियों की सीखने की कमियों को दूर करने के लिए समग्र शिक्षा अभियान ने लर्निंग एन्हांसमेंट प्रोग्राम (एलईपी 2.0) के दूसरे चरण की शुरुआत की है। इसके तहत कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन 45 मिनट का अनिवार्य जीरो पीरियड लगाया जाएगा। यह विशेष अभियान लगातार 12 सप्ताह तक चलेगा और भाषा व गणित जैसे विषयों में कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक राजेश शर्मा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों के जिलों लाहुल-स्पीति, किन्नौर, शिमला, चंबा, मंडी, सोलन और सिरमौर तथा ऊना, सोलन और सिरमौर के एक्सट्रीम समर क्लोजिंग स्कूलों में यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। अन्य ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले स्कूलों में जीरो पीरियड 17 अगस्त से शुरू होगा। कक्षा छह के सभी विद्यार्थियों के लिए भी यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में 17 अगस्त से लागू होगी, क्योंकि उनकी कार्य पुस्तिकाएं 12 अगस्त तक स्कूलों में उपलब्ध करा दी जाएंगी।

कार्यक्रम के तहत सप्ताह में तीन पीरियड गणित, दो अंग्रेजी और एक हिंदी विषय के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि विज्ञान से जुड़ी सीखने की कमियों को नियमित कक्षाओं के दौरान दूर किया जाएगा। समग्र शिक्षा ने ‘संकल्प’ नाम से विशेष कार्य पुस्तिकाएं और शिक्षक हैंडबुक भी तैयार की हैं। 12 अगस्त से विद्यार्थियों की कार्य पुस्तिकाओं के क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा, जबकि 13 अगस्त को सभी शिक्षकों के लिए यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन ओरिएंटेशन आयोजित होगा।

स्कूल प्रमुखों को एलईपी का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें कार्यक्रम की नियमित निगरानी, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कमजोर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस अभियान से विद्यार्थियों की भाषा और गणित की बुनियादी दक्षता मजबूत होगी और उनकी नियमित पढ़ाई में भी सुधार आएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *