25 और 26 जुलाई को शीशामाटी बाईपास रहेगा बंद, वैकल्पिक मार्गों से चलेगा ट्रैफिक

22 जुलाई: कुल्लू शहर और आसपास के क्षेत्रों में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। जिला प्रशासन ने 25 और 26 जुलाई को शीशामाटी बाईपास मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार सड़क पर अपशिष्ट जल निकासी के लिए ह्यूम पाइप बिछाने का कार्य किया जाएगा, जिसके चलते यह अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।

निर्माण कार्य के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने और जाम से बचाव के लिए पुलिस तथा लोक निर्माण विभाग ने वैकल्पिक रूट प्लान तैयार किया है। इन दोनों दिनों सभी वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही संचालित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने निर्माण एजेंसी को कार्यस्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लैक्टिव टेप, ब्लिंकर और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम लोगों और कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कुल्लू और संबंधित अधिशासी अभियंता को सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि 25 और 26 जुलाई को शीशामाटी बाईपास मार्ग का उपयोग न करें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *