हिमाचल में हवाई संपर्क मजबूत करने को केंद्र की मदद, हेलीपोर्ट निर्माण को मिलेगी वित्तीय सहायता

10 सितंबर: नई दिल्ली में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट कर हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क और विमानन अवसंरचना को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने टेक्नो-इकोनॉमिक फीजिबिलिटी रिपोर्ट को दो माह के भीतर अंतिम रूप देने, सक्षम सलाहकार नियुक्त करने और परियोजना की लागत का यथार्थपरक आकलन करने के निर्देश दिए हैं। इससे हवाई अवसंरचना के विस्तार की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

बैठक में प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में हवाई संपर्क और आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हेलीपोर्ट नेटवर्क के विस्तार का विषय भी उठाया गया। मुख्यमंत्री के आग्रह पर केंद्रीय मंत्री ने उड़ान योजना के तहत हेलीपोर्ट निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से वित्तीय सहायता प्रदान करने पर सहमति जताई।

मुख्यमंत्री ने शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों के संचालन के लिए आवश्यक सहयोग का विषय भी उठाया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सहयोग का आश्वासन दिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट की तर्ज पर शिमला एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के स्थान पर हिमाचल प्रदेश पुलिस को सौंपने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने इस प्रस्ताव पर भी सहमति व्यक्त की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *