हिमाचल-जम्मू-कश्मीर मिलकर मजबूत करेंगे शिक्षा व्यवस्था, साझा रणनीतियों पर हुआ मंथन

26 जून : हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच शिक्षा क्षेत्र में सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। जम्मू-कश्मीर दौरे पर पहुंचे हिमाचल के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मुख्यमंत्री डॉ. उमर अब्दुल्ला और शिक्षा मंत्री सकीना मसूद इटू से मुलाकात कर दोनों राज्यों की शिक्षा व्यवस्था, चुनौतियों, सुधारों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, दूरदराज क्षेत्रों तक बेहतर शैक्षिक सुविधाएं पहुंचाने और विद्यार्थियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए साझा रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान हिमाचल के समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा, स्कूली शिक्षा निदेशक आशीष कोहली तथा अतिरिक्त सचिव (शिक्षा) अनिल चौहान भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की भौगोलिक परिस्थितियां शिक्षा व्यवस्था के सामने कई चुनौतियां पेश करती हैं, लेकिन सरकार शिक्षा की गुणवत्ता, पहुंच और समावेशिता को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

शिक्षा मंत्री सकीना मसूद इटू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर दोनों पर्वतीय राज्य हैं, जहां दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच अनुभवों और नवाचारों का आदान-प्रदान शिक्षा क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सहयोग से दोनों राज्यों की शिक्षा व्यवस्था को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *