7 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की कार्यप्रणाली और श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने के लिए श्रीलंका और नेपाल के अधिकारियों एवं कामगारों का संयुक्त शिष्टमंडल बुधवार को हमीरपुर स्थित बोर्ड मुख्यालय का दौरा करेगा।
बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि श्रीलंका और नेपाल का यह संयुक्त शिष्टमंडल हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर है। यह भ्रमण अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘बिल्डिंग एंड वुड वर्कर्स इंटरनेशनल’ (बीडब्ल्यूआई) के दिल्ली स्थित दक्षिण एशियाई कार्यालय के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिष्टमंडल के सदस्य बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बोर्ड मुख्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान बोर्ड अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर उनका स्वागत करेंगे और उन्हें बोर्ड की कार्यप्रणाली, श्रमिकों के पंजीकरण तथा कामगारों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से श्रीलंका और नेपाल के अधिकारी एवं कामगार हिमाचल में श्रमिक कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों और योजनाओं को समझ सकेंगे।