हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में 200 करोड़ का अकादमिक ब्लॉक शुरू, एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज में 210 सीटों पर शुरू हुए चार पाठ्यक्रम

28 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अकादमिक ब्लॉक का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज, हमीरपुर का भी शुभारंभ किया। इस कॉलेज में चार पाठ्यक्रमों के लिए कुल 210 सीटें उपलब्ध करवाई गई हैं। इन पहलों से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा।

एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज में बैचलर ऑफ मेडिकल लैब साइंस और बैचलर ऑफ रेडियोलॉजी की 60-60 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा, बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया की 60 और डायलिसिस पाठ्यक्रम की 30 सीटें उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए चिकित्सकों के साथ अन्य प्रशिक्षित चिकित्सा पेशेवरों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। एलाइड एंड हेल्थकेयर शिक्षा को सुदृढ़ करने से स्वास्थ्य क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए कुशल कार्यबल तैयार करने में मदद मिलेगी। इससे युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न विशिष्ट क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक मेडिकल कॉलेज की आधारभूत संरचना को मजबूत करेगा। इससे गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और विशिष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने 4.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के आवासीय परिसर का उद्घाटन किया। उन्होंने हमीरपुर में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्ट्रीट फूड पार्क और 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बाल देखभाल संस्थान की आधारशिला भी रखी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *