28 अगस्त: जिला मुख्यालय कुल्लू के ब्यासा मोड़ में वीरवार तड़के करीब 3:30 बजे एक खड़ी स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास स्थित हिमानी बुटीक को भी अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में बुटीक में रखे ग्राहकों के कीमती सूट और अन्य फैंसी कपड़े जलकर राख हो गए। बुटीक संचालिका को करीब 10 से 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार ब्यासा मोड़ स्थित हिमानी बुटीक के बाहर स्कूटी (एचपी 34-4659) खड़ी थी। बताया जा रहा है कि स्कूटी तेनजिन पुत्र हरि सिंह की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सबसे पहले स्कूटी में आग लगी और कुछ ही समय में इसकी लपटें बुटीक तक पहुंच गईं। आग ने बुटीक के अंदर रखे कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया।
बुटीक पुईद पंचायत के अंगूडोभी गांव निवासी हिमानी पुत्री योगराज का बताया जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग आसपास की दुकानों और अन्य संपत्तियों तक फैलने से बच गई।
घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। वहीं, स्कूटी में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आग तकनीकी खराबी के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आग लगने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।