27 मई: CBSE की आंसर शीट गड़बड़ी मामले में छात्र वेदांत श्रीवास्तव को बड़ी राहत मिली है। सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद बोर्ड ने परिवार से संपर्क कर सही आंसर शीट भेजी, जिसके बाद वेदांत के फिजिक्स विषय में अंक 65 से बढ़कर 74 हो गए हैं।
वेदांत के भाई सिद्धांत श्रीवास्तव ने बताया कि पहले जो उत्तर पुस्तिका उपलब्ध करवाई गई थी, वह किसी दूसरे छात्र की थी। इसी आधार पर नंबर जारी किए गए थे। मामले को लेकर परिवार ने CBSE को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी। साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर इस मुद्दे को उठाया गया और मीडिया के जरिए भी बोर्ड तक बात पहुंचाई गई।
उन्होंने कहा कि मामला सुर्खियों में आने के बाद CBSE ने परिवार से संपर्क किया और सही आंसर शीट उपलब्ध करवाई। हालांकि परिवार अब भी पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। सिद्धांत के अनुसार कुछ सवालों में वेदांत ने पूरे उत्तर लिखे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें शून्य अंक दिए गए। ऐसे में अब परिवार री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करेगा।
सिद्धांत श्रीवास्तव ने कहा कि भविष्य में छात्रों को इस तरह की परेशानी से बचाने के लिए CBSE को एक आधिकारिक शिकायत पोर्टल शुरू करना चाहिए, ताकि छात्र बिना सोशल मीडिया का सहारा लिए सीधे अपनी समस्या बोर्ड तक पहुंचा सकें।
गौरतलब है कि वेदांत श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट साझा कर दावा किया था कि उसकी फिजिक्स की मूल आंसर शीट कथित तौर पर किसी अन्य छात्र की कॉपी से बदल गई थी। मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था।