सोलन में PWD का नया मंडल और उपमंडल गठित, सरकार ने जारी की अधिसूचना

9 जुलाई: हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोलन जिले में लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए पट्टा कैनडोल में नए लोक निर्माण मंडल और उपमंडल (सब-डिवीजन) के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। नया मंडल शिमला सर्किल के अधीन कार्य करेगा और यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

नई अधिसूचना के अनुसार पट्टा कैनडोल उपमंडल के अंतर्गत पट्टा और बरोटीवाला सेक्शन शामिल किए गए हैं। पट्टा सेक्शन के अधीन 97.110 किलोमीटर तथा बरोटीवाला सेक्शन के अधीन 62.295 किलोमीटर सड़क नेटवर्क रहेगा। इस तरह नए उपमंडल के जिम्मे कुल 159.405 किलोमीटर सड़कों का रखरखाव होगा।

प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत बरोटीवाला-गुनी सड़क का 13.135 किलोमीटर हिस्सा नए पट्टा सेक्शन में शामिल किया गया है, जबकि बरोटीवाला-साई-रामशहर सड़क का 6.4 किलोमीटर हिस्सा बद्दी सेक्शन से हटाकर बरोटीवाला सेक्शन को सौंपा गया है। इसके अलावा कसौली, नालागढ़ और अर्की मंडलों के विभिन्न सेक्शन और सड़क नेटवर्क का भी पुनर्गठन किया गया है, ताकि कार्यों का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

सरकार ने नए मंडल और उपमंडल के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के सात नए पद भी सृजित किए हैं। इनमें एक अधिशाषी अभियंता, एक अधीक्षक ग्रेड-दो, तीन कनिष्ठ सहायक (ग्रेड-दो), एक प्रधान अनुरेखक (हेड ड्राफ्ट्समैन) और एक बहुकार्य कर्मचारी (एमटीडब्ल्यू) का पद शामिल है। इन पदों पर नियुक्तियां प्रदेश सरकार की भर्ती नीति और प्रचलित नियमों के अनुसार की जाएंगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *