7 अगस्त: सोलन जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए उनके आर्थिक नेटवर्क पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोलन पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित करीब 2.40 करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज किया है। कार्रवाई के तहत दो वाहन, एक मकान, एक होटल, जमीन और पोस्ट ऑफिस में जमा धनराशि को शामिल किया गया है।
पुलिस अधीक्षक तिरुमला राजू एसडी वार्मा ने बताया कि धर्मपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 और 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज दो मामलों की विस्तृत वित्तीय जांच की गई। जांच के दौरान आरोपियों की आय के स्रोतों और उनकी संपत्तियों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित संपत्तियां नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई थीं। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत करीब 2.40 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।
एसपी ने बताया कि सोलन पुलिस नशा तस्करों की आर्थिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले दाड़लाघाट थाना क्षेत्र के एक मामले में करीब 47 लाख रुपये और परवाणू थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में लगभग 65 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। इस तरह वर्ष 2026 में अब तक सोलन पुलिस करीब 3.50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर चुकी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 99 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 205 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिमाचल प्रदेश के 157, पंजाब के 15, हरियाणा के 19, चंडीगढ़ के 7, बिहार के 2, नेपाल के 4 और एक विदेशी नागरिक शामिल है। पुलिस ने इन मामलों में करीब 1.3 किलोग्राम चिट्टा (हेरोइन) भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास नशे की खरीद-फरोख्त या इससे जुड़ी किसी गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।