बीपीएल परिवारों की जरूरतों को समझने के लिए ऊना में 10 से 12 अगस्त तक विशेष ग्राम सभाएं

7 अगस्त: ऊना जिले में बीपीएल परिवारों के सशक्तिकरण और उनकी वास्तविक जरूरतों की पहचान के लिए आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं की तिथियों में बदलाव किया गया है। अब ये विशेष ग्राम सभाएं 10, 11 और 12 अगस्त को विकास खंड स्तर पर कलस्टर मोड में आयोजित की जाएंगी।

उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों को कलस्टर में विभाजित कर निर्धारित स्थानों पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन ग्राम सभाओं में चरण-1 से चरण-7 तक के सर्वेक्षण में चयनित बीपीएल परिवारों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा और विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रभावी अभिसरण के माध्यम से पात्र परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

विकास खंड अंब में तीन कलस्टरों में विशेष ग्राम सभाएं होंगी। कलस्टर-1 की 13 पंचायतों के लिए 10 अगस्त को सुबह 11 बजे हर्षित रेस्टोरेंट, शीतला माता मंदिर के समीप कार्यक्रम आयोजित होगा। कलस्टर-2 की 21 पंचायतों के लिए 11 अगस्त को सुबह 11 बजे पंचायत समिति सभागार अंब में तथा कलस्टर-3 की 23 पंचायतों के लिए 12 अगस्त को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री लोक भवन चुरूडू में विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी।

विकास खंड ऊना में दो कलस्टरों के तहत कार्यक्रम होंगे। पहले कलस्टर में शामिल पंचायतों के लिए 11 अगस्त को सुबह 11 बजे रायपुर सहोड़ा में कार्यक्रम आयोजित होगा। दूसरे कलस्टर के लिए 12 अगस्त को दो स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। सुबह 11 बजे डठवाड़ा में तथा दोपहर 2:30 बजे समूरकलां में विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी।

विकास खंड गगरेट में तीन कलस्टरों में कार्यक्रम होंगे। पहले कलस्टर की पंचायतों के लिए 10 अगस्त को सुबह 11 बजे खंड विकास कार्यालय गगरेट, दूसरे कलस्टर के लिए 11 अगस्त को सुबह 11 बजे अंबेडकर भवन ग्राम पंचायत मावा कोहलां और तीसरे कलस्टर के लिए 12 अगस्त को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत भद्रकाली में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

विकास खंड हरोली में भी तीन चरणों में विशेष ग्राम सभाएं होंगी। पहले कलस्टर की पंचायतों के लिए 10 अगस्त को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत ईसपुर, दूसरे कलस्टर के लिए 11 अगस्त को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत पालकवाह तथा तीसरे कलस्टर के लिए 12 अगस्त को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत छेत्रां में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

विकास खंड बंगाणा में तीन कलस्टरों के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले कलस्टर की पंचायतों के लिए 10 अगस्त को सुबह 11 बजे लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह जोल, दूसरे कलस्टर के लिए 11 अगस्त को सुबह 11 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंदली तथा तीसरे कलस्टर के लिए 12 अगस्त को सुबह 11 बजे माता जमासनी मंदिर, ग्राम पंचायत धतोल परिसर में विशेष ग्राम सभा आयोजित होगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के चयनित बीपीएल परिवारों से इन विशेष ग्राम सभाओं में निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित होकर अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने का आग्रह किया है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *