26 नवम्बर, अभिषेक मिश्रा : पंजगाई पंचायत में पिछले करीब एक महीने से तेंदुए की लगातार आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। शाम ढलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय होने वाले इस वन्य जीव के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। तेंदुआ अब तक एक स्ट्रीट डॉग और दो नीलगाय को अपना शिकार बना चुका है। ऐसे में ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
पंचायत प्रधान सुशीला देवी ने बताया कि तेंदुआ शाम होते ही गांव के आसपास घूमने लगता है और रातभर उसकी आवाज सुनाई देती है। इससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। खासकर स्कूली बच्चों और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों के अभिभावक उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। बच्चों को स्कूल भेजने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए घर से बाहर निकलने में भी परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि एसीसी कारखाने में कार्यरत कर्मचारियों को भी तेंदुए की मौजूदगी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारियों की ड्यूटी सुबह करीब छह बजे और रात दस बजे होती है। ऐसे में अंधेरे के दौरान घर से आना-जाना उनके लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों को अकेले घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।
पंचायत प्रधान के अनुसार, गांव में एक स्ट्रीट डॉग और आसपास के क्षेत्र में दो नीलगाय मृत मिली हैं, जिन्हें तेंदुए का शिकार बताया जा रहा है। वन्य जीव की लगातार गतिविधियों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
सुशीला देवी ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द क्षेत्र में टीम भेजकर तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जाए और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए उचित प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना विभाग को समय रहते कदम उठाने चाहिए, ताकि ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और ड्यूटी पर आने-जाने वाले कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।