सोलन के अर्की में पूर्व पंचायत प्रधान के बंद घर में लाखों की चोरी, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ले गए चोर

2 अक्तूबर: सोलन जिला के उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत दधोगी के कड़याह गांव में चोरों ने पूर्व पंचायत प्रधान शीला देवी के बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात का पता बुधवार को परिवार के घर लौटने पर चला। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज करवाई गई।

बाबू राम मेहता ने पुलिस को बताया कि वह और उनकी पत्नी शीला देवी 26 सितंबर की शाम करीब 5 बजे घर पर ताला लगाकर शिमला में अपने बेटे-बहू के पास गए थे। बुधवार को घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले तथा ट्रंक के कुंडे भी टूटे हुए थे।

सूचना मिलते ही अर्की थाना प्रभारी हरिचंद पुलिस टीम के साथ कड़याह गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवार के अनुसार चोर सोने का मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके/टॉप्स, चांदी की पायल सहित अन्य आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए हैं। चोरी हुए सामान का विवरण परिवार ने पुलिस को उपलब्ध करवा दिया है।

वीरवार को एसपी सोलन ने डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झालटा, फोरेंसिक टीम और अर्की थाना प्रभारी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सोलन ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *