ऊना के नंगल कलां में भूमि विवाद को लेकर अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

24 नवम्बर: ऊना जिले की हरोली तहसील के नंगल कलां में भूमि विवाद को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और संबंधित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग उठाई। इस दौरान आयोग के सदस्य अधिवक्ता डॉ. विजय डोगरा और सदस्य सचिव विश्रुत भारती भी उपस्थित रहे।

ज्ञापन में नंगल कलां निवासी मनजीत कौर पत्नी अमरजीत सिंह ने आरोप लगाया कि भूमि विवाद के दौरान उनके साथ जातिसूचक टिप्पणियां की गईं, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर पहले पंचायत के समक्ष दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो पाया।

मनजीत कौर ने पुलिस में दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष समीक्षा करवाने की मांग करते हुए भूमि की निशानदेही निष्पक्ष तरीके से करवाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने आयोग अध्यक्ष से मामले में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच करवाकर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस पर कुलदीप धीमान ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनते हुए आश्वासन दिया कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *