2 मई: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विशाल निवासी अंबोटा, तहसील गगरेट (ऊना) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह मामला सदर थाना हमीरपुर के अंतर्गत प्रतापनगर क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि विशाल हमीरपुर में सैलून में काम करता था और यहीं एक किराए के कमरे में रह रहा था। शुक्रवार रात को वह अपने कमरे में अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।