सुरक्षित बैंकिंग को लेकर सुंदरनगर में जागरूकता कार्यक्रम

15 अगस्त: रिजर्व बैंक-एकीकृत ओम्बड्समैन योजना, 2026 के तहत उपभोक्ता संरक्षण और शिकायत निवारण को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक के ओम्बड्समैन कार्यालय शिमला की ओर से सुंदरनगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरबीआई ओम्बड्समैन हिमाचल प्रदेश रमेश चंद ने की।

कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और हिमाचल प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा विभिन्न बैंक शाखाओं के अधिकारी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, युवा, पेंशनभोगी, स्थानीय व्यापारी और बैंक ग्राहक शामिल हुए।

रमेश चंद ने योजना की उपभोक्ता-केंद्रित विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि ‘एक देश–एक ओम्बड्समैन’ की अवधारणा के तहत बैंकों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों और भुगतान प्रणाली संचालकों के खिलाफ शिकायतों के निःशुल्क, त्वरित और निष्पक्ष निवारण की व्यवस्था उपलब्ध है।

उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक के माध्यम से किसी के साथ व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साथ ही डेबिट और क्रेडिट कार्ड का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान आरबीआई शिकायत प्रबंधन पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। अधिकारियों ने बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बैंकों की आंतरिक शिकायत निवारण व्यवस्था का प्रभावी उपयोग करने की जानकारी दी।

अंत में आयोजित संवादात्मक सत्र में प्रतिभागियों ने बैंकिंग और शिकायत निवारण से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *