10 सितम्बर: जिला हमीरपुर के सुजानपुर क्षेत्र में वीरवार सुबह ब्यास पुल के समीप अचानक पहाड़ी दरकने से एक निजी बस मलबे की चपेट में आ गई। हादसे में बस क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के समय बस में यात्री सवार नहीं थे और चालक व परिचालक पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब 7:30 बजे निजी बस सुजानपुर से पालमपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सुजानपुर-ब्यास नदी पुल के समीप पहुंची, अचानक पहाड़ी से भारी मलबा गिरकर बस के एक हिस्से पर जा गिरा। इससे बस को नुकसान पहुंचा। सुजानपुर पुलिस थाना के एसएचओ प्रकाश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस में उस समय केवल चालक और परिचालक मौजूद थे, जो सुरक्षित हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। बरसात के दौरान यह क्षेत्र कई बार प्रभावित होता है, लेकिन बिना बारिश के अचानक पहाड़ी दरकने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुजानपुर-ब्यास मार्ग का यह हिस्सा अब खतरे वाला क्षेत्र बनता जा रहा है और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों व यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है।
लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से इस पहाड़ी हिस्से की भूगर्भीय एवं तकनीकी जांच करवाने की मांग की है। साथ ही सुरक्षा दीवार सहित अन्य जरूरी एहतियाती इंतजाम करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।