नादौन के चार मेधावी विद्यार्थियों को मिला उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर

10 सितंबर, नरेश मलोटिया : पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन के कला एवं वाणिज्य संकाय के चार मेधावी विद्यार्थी 10 से 13 सितंबर तक आयोजित शैक्षणिक भ्रमण के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हुए हैं। इनमें अखिल कुमार, वरुण कुमार, कृतिका और मौली शर्मा शामिल हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों का चयन कक्षा 10वीं एवं 11वीं में उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को चंडीगढ़, जीरकपुर, अयोध्या और लखनऊ के विभिन्न महत्वपूर्ण शैक्षणिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा।

विद्यार्थी अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर, लखनऊ के पीएम श्री विद्यालय, लखनऊ चिड़ियाघर और साइंस सिटी का अवलोकन करेंगे। इससे उन्हें भारतीय संस्कृति एवं इतिहास के साथ-साथ विज्ञान और आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्थाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा।

प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक और शैक्षणिक स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाता है। ऐसे भ्रमण आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सामाजिक व्यवहार और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में भी सहायक होते हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को इस तरह के विशेष अवसर मिलना सराहनीय है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वायु यात्रा करने और फाइव स्टार होटल में ठहरने का अनुभव भी प्राप्त हो रहा है। यह उनके लिए केवल शैक्षणिक भ्रमण ही नहीं, बल्कि ऐसा प्रेरणादायक अनुभव है, जो उनके व्यक्तित्व और जीवन-दृष्टि को नई दिशा देने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों में बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास पैदा करते हैं। पीएम श्री विद्यालय नादौन के इन विद्यार्थियों का यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *