18 जून : हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई सब-कैडर योजना के तहत चयनित शिक्षकों ने बुधवार को धर्मशाला में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। स्क्रीनिंग टेस्ट पास करने और मेरिट सूची जारी होने के बावजूद काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू न होने से प्रदेश भर के पात्र शिक्षकों में रोष है। सीबीएसई सब-कैडर इन सर्विस शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द पारदर्शी काउंसलिंग और प्रतिनियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
संघ का कहना है कि चयन मानदंडों पर पुनर्विचार के लिए उप-समिति का गठन करना न्याय व्यवस्था के खिलाफ है। उच्च न्यायालय ने भी इस योजना की वैधता को बरकरार रखा है, ऐसे में प्रक्रिया को लंबित रखना उचित नहीं है।
संघ के अध्यक्ष खजान चंद ने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों से ऑनलाइन माध्यम से उनके पसंदीदा स्टेशनों के विकल्प लिए जाएं और उसके आधार पर पूरी तरह मेरिट आधारित काउंसलिंग की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि कोई कैबिनेट उप-समिति बनी है तो उसे समयसीमा में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए जाएं और उच्च न्यायालय के आदेशों को लागू किया जाए।
संघ ने कहा कि प्रदेश भर के चयनित शिक्षक मुख्यमंत्री के फैसले की प्रतीक्षा कर रहे हैं ताकि उन्हें मेरिट के आधार पर जल्द नियुक्ति मिल सके।