2 अक्तूबर: सिविल अस्पताल पालमपुर का ब्लड बैंक मुरम्मत एवं मेंटीनेंस कार्य के चलते करीब तीन सप्ताह तक बंद रहेगा। ब्लड बैंक में उपलब्ध करीब 125 यूनिट रक्त को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं चिकित्सालय टांडा भेज दिया गया है।
अस्पताल परिसर के दूसरे हिस्से में ब्लड बैंक को अस्थायी रूप से शिफ्ट करने का प्रयास किया गया, लेकिन निर्धारित नियमों के तहत इसकी अनुमति नहीं मिल सकी। ऐसे में ब्लड बैंक बंद रहने के दौरान पालमपुर के साथ-साथ जयसिंहपुर, बैजनाथ, धीरा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर टांडा मेडिकल कॉलेज पर निर्भर रहना होगा।
आपातकालीन स्थिति, प्रसव, दुर्घटना और ऑपरेशन के मामलों में मरीजों के तीमारदारों को रक्त की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त समय और संसाधन जुटाने पड़ सकते हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार ब्लड बैंक भवन में मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाया जा रहा है। विभाग से कार्य जल्द पूरा करने का आग्रह किया गया है।
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और तीमारदारों से अपील की है कि रक्त की आवश्यकता होने पर अंतिम समय तक इंतजार न करें और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार समय रहते टांडा मेडिकल कॉलेज से समन्वय करें।
सिविल अस्पताल पालमपुर के एमएस डॉ. तिलक भागड़ा ने बताया कि ब्लड बैंक की मरम्मत एवं मेंटीनेंस के कारण इसे फिलहाल बंद किया गया है। उपलब्ध रक्त यूनिट्स को टांडा मेडिकल कॉलेज शिफ्ट कर दिया गया है। कार्य जल्द पूरा करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया गया है।