जुब्बल के धार गांव में भीषण अग्निकांड, पांच मकान जलकर राख; करीब तीन करोड़ का नुकसान

2 अक्तूबर: जुब्बल तहसील के धार गांव में गुरुवार देर रात करीब 11:45 बजे भीषण अग्निकांड में पांच मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। अग्निकांड में नानक चंद चौहान, हरनाम सिंह धाल्टा, नरेंद्र सिंह धाल्टा, गिंदा देवी और अनिल धान्टा के परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार हादसे में करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट होने का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले नानक चंद पुत्र बहिर चंद के मकान में लगी। घटना के समय घर में दो लोग मौजूद थे, जो आग की भनक लगते ही सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने आसपास के चार अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही रोहड़ू, कोटखाई और टिक्कर से अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आसपास के अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि अग्निकांड में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। प्रभावित मकानों के अंदर रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। राजस्व विभाग, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने के साथ आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।

ग्राम पंचायत धार के प्रधान अजय सौहटा ने कहा कि फायर ब्रिगेड के समय पर पहुंचने से आसपास के घरों को बचाया जा सका। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की।

वहीं, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने धार गांव में हुए अग्निकांड पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि नुकसान को देखते हुए प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आपदा राहत नियमावली के तहत प्रभावित परिवारों को उचित राहत एवं सहायता दिलाने का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने, नुकसान का शीघ्र आकलन करने और आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *