सरकाघाट के जबोठी खड्ड के पास पुल से नीचे गिरी कार, होमगार्ड जवान की मौत, डीएसपी का पीएसओ गंभीर

11 नवम्बर:उपमंडल सरकाघाट के जबोठी खड्ड के पास देर रात हुए सड़क हादसे में होमगार्ड जवान की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान जयपाल निवासी भद्रवाड़ के रूप में हुई है। वहीं, घायल संजय कुमार डीएसपी सरकाघाट के पीएसओ हैं। हादसा 10 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे हुआ, जब शादी समारोह से लौट रही एक निजी कार जबोठी खड्ड के पास पुल से नीचे गिर गई।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय पास स्थित पंप हाउस में ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और कार में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस और सरकारी वाहन की मदद से नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने होमगार्ड जवान जयपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल संजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, हटली थाना पुलिस ने एफआईआर नंबर 133/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम ने मामले की पुष्टि की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *