कांगड़ा में 20 नवंबर को होगी इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब प्रतियोगिता, विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा

11 नवम्बर: विद्यार्थियों में मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला कांगड़ा में 20 नवंबर को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की देखरेख में ये प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तथा निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इसके तहत निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। प्रतियोगिताओं का आयोजन संस्थान स्तर, विधानसभा क्षेत्र स्तर और जिला स्तर पर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संस्थान स्तर पर स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतियोगिता से दो विजेताओं का चयन विधानसभा क्षेत्र स्तर के लिए होगा। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहीं, जिला स्तर पर प्रथम 10 स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे।

निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘मतदान का महत्व’ और ‘शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वीवीपैट, मतदान और मतगणना से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल अधिकारियों से विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना है।

प्रतियोगिताओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी एवं शिक्षण संस्थान अपने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) से संपर्क कर सकते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *