ऊना के बहड़ाला में खेतों की आग से स्क्रैप स्टोर में खड़ी तीन गाड़ियां जलकर राख, 2 लाख का नुकसान

11 नवम्बर: ऊना-चंडीगढ़ मार्ग पर बहड़ाला में मंगलवार दोपहर खेतों में लगी आग ने साथ लगते स्क्रैप स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी की इस घटना में स्टोर में रिपेयर के लिए खड़ी तीन गाड़ियां जलकर राख हो गईं। हादसे में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और स्टोर में खड़े अन्य वाहनों को सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार बहड़ाला स्थित एमएस जय साईं फर्म के स्क्रैप स्टोर के पास मंगलवार दोपहर खेतों में अचानक आग लग गई। खेतों में सूखी घास होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही देर में इसकी लपटें साथ लगते स्क्रैप स्टोर तक पहुंच गईं। देखते ही देखते स्टोर में रिपेयर के लिए खड़ी तीन गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं।

आग लगने के बाद स्टोर मालिक और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण वे इस पर काबू नहीं पा सके। इसके बाद दमकल विभाग ऊना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीनों गाड़ियां बुरी तरह जल चुकी थीं।

स्टोर मालिक के अनुसार इस घटना में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, अग्निशमन अधिकारी ऊना सुरेश कुमार ने बताया कि बहड़ाला में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और अन्य वाहनों को सुरक्षित बचा लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *