संस्कृत शिक्षकों के मुद्दों पर सकारात्मक वार्ता, संस्कृत सप्ताह की गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर

25 अगस्त, नरेश मलोटिया: हिमाचल राजकीय संस्कृत शिक्षक परिषद, जिला हमीरपुर के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कमल किशोर भारती से भेंट कर संस्कृत सप्ताह, संस्कृत दिवस तथा संस्कृत शिक्षकों से जुड़े विभिन्न विभागीय एवं शैक्षणिक विषयों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने उपनिदेशक को परिषद की ओर से दो प्रपत्र भी सौंपे। इस दौरान जिला अध्यक्ष आचार्य नरेश मलोटिया, जिला कोषाध्यक्ष डॉ. तेज कुमार, हमीरपुर खंड प्रधान ज्योति प्रकाश और राज्य कार्यकारिणी सदस्य नरेश कुमार उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने 25 से 31 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे संस्कृत सप्ताह और 28 अगस्त को मनाए जाने वाले संस्कृत दिवस की शुभकामनाएं दीं। जिला उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने भी जिले के सभी संस्कृत शिक्षकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को संस्कृत सप्ताह एवं संस्कृत दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संस्कृत शिक्षक परिषद की पहल की सराहना करते हुए संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

परिषद ने आग्रह किया कि संस्कृत सप्ताह के दौरान विद्यालयों में संस्कृत श्लोक, सुभाषित एवं गीत, संस्कृत संभाषण, श्लोक-पाठ, संस्कृत लेखन, प्रश्नोत्तरी, भाषण, परिचर्चा, पोस्टर-चार्ट और प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां प्रभावी रूप से आयोजित करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। इसके अलावा 28 अगस्त को विशेष प्रार्थना सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करवाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में संस्कृत शिक्षकों की विभागीय, प्रशासनिक और विषय-शिक्षण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा के लिए आगामी समीक्षा बैठक का समय देने का आग्रह भी किया गया। परिषद ने कहा कि शिक्षकों से जुड़े विषयों का समाधान सकारात्मक संवाद के माध्यम से किया जाना आवश्यक है।

जिला अध्यक्ष आचार्य नरेश मलोटिया ने कहा कि परिषद का उद्देश्य संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ विद्यालयों में संस्कृत शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाना और संस्कृत शिक्षकों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना है। उन्होंने सकारात्मक वार्ता और सहयोग के लिए जिला उपनिदेशक का आभार व्यक्त किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *