शिलाई में शिक्षा सुविधाओं को मिली नई मजबूती, मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने किए दो महत्वपूर्ण लोकार्पण

12 अगस्त: विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और आधुनिक अध्ययन वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शिलाई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अपने प्रवास के दौरान हलॉं में दो महत्वपूर्ण शिक्षण सुविधाओं का लोकार्पण किया।

मंत्री ने शहीद कल्याण सिंह राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हलॉं में 11.25 लाख रुपये की लागत से तैयार डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक पाठशाला हलॉं-II के लिए 28.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए भवन को भी विद्यार्थियों को समर्पित किया।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि स्कूल विद्यार्थियों के भविष्य की नींव तैयार करते हैं और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। सरकार सरकारी स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है। प्रदेश के 150 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है, जिसमें शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा, सतौन और शिलाई के स्कूल भी शामिल हैं। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सतौन में डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य जारी है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि शिलाई क्षेत्र के स्कूलों में विद्यार्थियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 2500 से अधिक डेस्क उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके साथ ही करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से अतिरिक्त कमरों और स्कूल भवनों का निर्माण करवाया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के रिक्त पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र में टीजीटी आर्ट्स के सभी पद भरे जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में तीन कॉलेज संचालित हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को आर्थिक रूप से सुलभ बनाने के लिए डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण की सुविधा दी जा रही है।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ साक्षरता और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है। हिमाचल प्रदेश का 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षर राज्य बनना प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि है।

भर्ती प्रक्रिया पर उन्होंने कहा कि सरकार ने सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। पूर्व में सामने आई भर्ती अनियमितताओं और पेपर लीक मामलों की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अब राज्य चयन आयोग के माध्यम से भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जा रही हैं, ताकि प्रदेश के युवाओं को योग्यता और मेरिट के आधार पर रोजगार के अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम के बाद उद्योग मंत्री ने हलॉं में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य यशपाल ठाकुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *